क्रेटोस (Kratos) वीडियो गेम शृंखला गॉड ऑफ़ वॉर का प्रमुख पात्र है।[1] यह शृंखला पहले यूनानी पौराणिक कथाओं और बाद में नॉर्स पौराणिक कथाओं पर आधारित है। वह पहली बार 2005 के वीडियो गेम गॉड ऑफ़ वॉर में दिखाई दिया। इसके बाद इस पात्र को नायक के रूप में पेश करने वाले आठ अतिरिक्त वीडियो गेम का विकास हुआ है।
इस शृंखला के यूनानी युग के दौरान क्रेटोस को एक स्पार्टन योद्धा के रूप में चित्रित किया गया है। उसे अपने पूर्व गुरु एरीस द्वारा अपने परिवार की हत्या करने के लिए बहका दिया जाता है। बाद में वह उनकी मौत का बदला लेता है और एरीस को मारने के बाद नया गॉड ऑफ़ वॉर यानी "युद्ध का देवता" बन जाता है। क्रेटोस को अंततः पता चलता है कि वह ज़्यूस का पुत्र है। ज़्यूस बाद में उसे धोखा दे देता है। इस शृंखला में क्रेटोस आपदा को टालने या अपने भाग्य को बदलने के प्रयास में कई साहसिक कार्य करता है।
यूनानी युग का एक केंद्रीय विषय प्रतिशोध है और इस दौरान के वीडियो गेम क्रेटोस की उत्पत्ति और उसके परिवार और यूनानी देवताओं के साथ उसके संबंधों पर केंद्रित हैं। नॉर्स युग में, क्रेटोस खुद को अपने क्रोध पर नियंत्रण करते हुए पाता है और अपने बेटे, एट्रियस के लिए वास्तव में एक पिता और संरक्षक बनना सीखता है।[2] इससे उसे अपने देवत्व को स्वीकार करने में मदद मिलती है। अपनी यात्रा के दौरान, वे दोनों नॉर्स क्षेत्र के राक्षसों और देवताओं का मुकाबला करते हैं।[3]