राजपाल सिंह (जन्म 8 अगस्त 1983)[1] एक मैदानी हॉकी खिलाड़ी और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान हैं। हॉकी में विशेष उपलब्धियों के लिए भारत सरकार ने राजपाल को 2011 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। वर्तमान में पंजाब पुलिस विभाग में डीएसपी(ट्रैफिक) रैंक पर कार्यरत हैं।[2]।
राजपाल सिंह का जन्म आठ अगस्त 1983 को चंडीगढ़ में हुआ। राजपाल सिंह के पिता सरदार हरपाल सिंह चंडीगढ़ पुलिस में अधिकारी रहे हैं और उनकी माँ प्रकाश कौर गृहिणी हैं। प्रारंभिक शिक्षा चंडीगढ़ में हुई, उसी समय से राजपाल ने हॉकी खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने भारतीय निशानेबाज अवनीत सिद्धू से शादी की है और उनका एक बच्चा है।
राजपाल सिंह ने भारत के लिए 147 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।[2] 2010 हॉकी विश्वकप भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान थे[3], इस विश्व कप में भारत को आठवां स्थान प्राप्त हुआ था। राजपाल की कप्तानी में भारत ने 2011 में आयोजित पहली एशियन चैपियंस हॉकी ट्रॉफ़ी पाकिस्तान को 4-2 से हरा कर जीती थी। [4] राजपाल की कप्तानी में, भारतीय टीम सुल्तान अजलान शाह कप 2010 के 19 वें संस्करण में बारिश से प्रभावित फाइनल में कोरिया के साथ संयुक्त विजेता बनी।