विश्वास पाटील | |
---|---|
जन्म | 28 नवम्बर, 1959 नेरले |
पेशा | साहित्यकार |
भाषा | मराठी भाषा |
राष्ट्रीयता | भारतीय |
विधा | उपन्यास, इतिहास |
उल्लेखनीय कामs | पानीपत, झाडाझडती |
विश्वास पाटील (जन्म:28 नवम्बर, 1959) मराठी भाषा के एक साहित्यकार, इतिहासकार और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने रायगढ़ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुंबई उपनगर जिला के जिलाधिकारी के रूप में काम किया है।
पाटील का जन्म कोल्हापुर जिले के नेरले गाँव के एक कृषक परिवार में हुआ। जब वे पाठशाला में पढ़ रहे थे, वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से सहायता करने के लिए चरवाहे का काम भी करते थे।[1] बचपन में उन्होने वी शांताराम की मराठी फ़िल्म 'पिंजरा' में बाल कलाकार की छोटी भूमिका निभायी। वे अपने परिवार के पहले पदवी धारक बने। 1986 में वे सरकारी कर्मचारी बने और 1996 में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बने।[2]
पाटील का पहला उपन्यास पानीपत 1988 में प्रकाशित हुआ। यह उपन्यास पानीपत के तृतीय युद्ध पर आधारित है, जिसमें अहमद शाह अब्दाली से मराठे हार गये थे। साहित्यकार वि. वा. शिरवाडकर ने पाटील के उपन्यास के विषय की सराहना करते हुए उनकी 'खूबसूरत भाषा और भव्य वर्णनात्मक शैली' की प्रशंसा की। केवल दो सालों में पानीपत की २०,००० से ज्यादा प्रतियाँ बेची गयीं।[1]
पाटील द्वारा रचित उपन्यास झाडाझडती के लिये उन्हें सन् 1992 में साहित्य अकादमी पुरस्कार (मराठी) से सम्मानित किया गया।[3] यह उपन्यास महाराष्ट्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं से विस्थापित लोगों की जीवन कथाओं पर आधारित है। इसकी रचना पाटील ने तब की जब वे पुणे मे पुनर्वास अधिकारी के रूप में काम कर रहे थे।[1]
पाटील का उपन्यास महानायक सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित है, जिसके लिए शोध के क्रम में लेखक ने अनेक देशों की यात्राएँ भी की थीं। उनका उपन्यास चंद्रमुखी महाराष्ट्र की एक कलाकार (नर्तकी) और उसके एक राजनीतिज्ञ के साथ सम्बन्धित जीवन के बारे में है।[1]
सम्भाजी नामक अपने नवीन उपन्यास में लेखक ने काफी शोध के बाद सम्भाजी से सम्बद्ध बहुत-कुछ नया इतिहास औपन्यासिक शिल्प में लिख डाला है।
यहाँ प्रकाशित कृतियों के नाम तथा प्रकाशक के साथ विभिन्न भाषाओं में उन कृतियों के अनुवाद, अनुवादक के नाम तथा उनके प्रकाशक के नाम भी दिये गये हैं। [संस्करणों की संख्या प्रायः सन् 2011 तक की हैं।][4]
1.पानीपत -- मराठी - राजहंस प्रकाशन, पुणे (24 वाँ संस्करण)
2.पांगिरा -- मराठी - राजहंस प्रकाशन, पुणे (पाँचवाँ संस्करण)
3.झाडाझडती -- मराठी - राजहंस प्रकाशन, पुणे (11वां संस्करण)
4.महानायक -- मराठी - राजहंस प्रकाशन, पुणे (आठवां संस्करण)
5.रणांगन (नाटक) -- मराठी - मजेस्टिक प्रकाशन, मुंबई
6.चंद्रमुखी -- मराठी - राजहंस प्रकाशन, पुणे (दूसरा संस्करण)
7.सम्भाजी -- मराठी - मेहता पब्लिशिंग हाउस, पुणे (प्रथम संस्करण-2005, आठवाँ संस्करण-2011)
8.बड़ी किताबों पर बड़ी फिल्में -- हिन्दी - अनु०- डाॅ० रामजी तिवारी, भारतीय ज्ञानपीठ, नयी दिल्ली
इन पुस्तकों के अतिरिक्त और भी अनेक पुस्तकें मराठी में प्रकाशित।
२०१३ में पाटील ने हिन्दी फ़िल्म रज्जो को निर्देशित किया जिसमें प्रमुख भूमिका निभायी थी अभिनेत्री कंगना राणावत ने। यह फ़िल्म मराठी साहित्यकार जयन्त पवार के एक उपन्यास पर आधारित है।[2]
इनके सिवा और भी कई पुरस्कारों से पुरस्कृत।