हाल जॉर्डन | |
---|---|
प्रकाशक | डीसी कॉमिक्स |
पहला अवतरण | शोकेस #२२ (अक्टूबर १९५९) |
रचेता |
जॉन ब्रूम गिल केन |
दूसरा नाम | डॉक्टर स्टीफन विन्सेंट स्ट्रेंज |
शक्तियां |
|
हाल जॉर्डन, जिसे ग्रीन लैंटर्ण भी कहा जाता है, डीसी कॉमिक्स द्वारा प्रकाशित अमेरिकी कॉमिक पुस्तकों में दिखाई देने वाला एक काल्पनिक सुपरहीरो है। इस चरित्र को १९५९ में लेखक जॉन ब्रूम और कलाकार गिल केन ने बनाया था, और यह सबसे पहले शोकेस #२२ (अक्टूबर १९५९) में दिखाई दिया। हाल जॉर्डन पिछले ग्रीन लैंटर्ण रहे एलन स्कॉट का नवीन प्रारूप था, जो १९४० के दशक में कॉमिक पुस्तकों में दिखाई दिया था।
व्यक्तिगत जीवन में हाल जॉर्डन एक फाइटर पायलट है, और साथ ही जस्टिस लीग का एक संस्थापक सदस्य भी, जो ग्रीन लैंटर्ण बनने से पहले ही लीग में शामिल होकर एक युद्ध में बैटमैन, सुपरमैन और वंडर वूमन जैसे प्रसिद्ध नायकों के साथ लड़ चुका था। एक अंगूठी से उसे विभिन्न प्रकार की महाशक्तियां प्राप्त हुई, जिसके बाद वह ग्रीन लैंटर्ण के रूप में इंटरगैलेक्टिक पुलिस बल, ग्रीन लैंटर्ण कॉर्प्स का एक सदस्य बन गया, और सेक्टर २८१४ का संरक्षक नियुक्त किया गया, जिसके अंतर्गत पृथ्वी भी आती है। उसकी सभी शक्तियों का स्त्रोत उसकी अंगूठी (पावर रिंग) और ग्रीन लैंटर्ण बैटरी है, जो किसी भी डर से निपटने में सक्षम व्यक्ति को उसकी इच्छाशक्ति से सभी प्रकार की संरचनाओं को बनाने में सक्षम बनाता है। जॉर्डन इस शक्ति का उपयोग अंतरिक्ष में उड़ने के अलावा ढाल, तलवारें, और लेजर बनाने के लिए; और अपनी ग्रीन लैंटर्ण पोशाक का निर्माण करने के लिए करता है, जो पृथ्वी पर उसकी गुप्त पहचान की रक्षा करती है।[1]
१९९० के दशक में जॉर्डन एक खलनायक के रूप में भी दिखाई दिया था। एमराल्ड ट्वाईलाईट कहानी श्रंखला में खलनायक मोंगुल ने जॉर्डन के नगर कोस्ट सिटी का विनाश कर दिया था, जिससे सदमे में आकर जॉर्डन ने पूरे ब्रह्माण्ड का विनाश करने की घोषणा की, और पैरेलैक्स नाम अपना लिया।[2] हालांकि, अगले कुछ वर्षों में पुनः मानसिक संतुलन प्राप्त करने पर पैरेलैक्स के सभी कृत्यों की क्षमा मांगकर वह कुछ समय बाद ग्रीन लैंटर्ण के रूप में वापस लौट आया। बाद में यह भी पता चला था कि पैरेलैक्स वास्तव में एक पारलौकिक शक्ति का नाम है, जिसने जॉर्डन के मस्तिष्क पर नियंत्रण कर लिया था।
यद्यपि डीसी कॉमिक्स में ग्रीन लैंटर्ण नाम को अपनाने वाले कई पात्र हैं, लेकिन अन्य मीडिया में जॉर्डन ही सबसे व्यापक रूप से प्रसिद्ध नायक रहा है, जो वीडियो गेम, और एनिमेटेड श्रृंखला में दिखाई देता है, और साथ ही २०११ की लाइव-एक्शन फिल्म में भी, जहां यह किरदार अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स द्वारा चित्रित किया गया है। कॉमिक्स में जॉर्डन का मूल डिजाइन अभिनेता पॉल न्यूमैन पर आधारित था,[3] और इस चरित्र को २०११ में 'शीर्ष १०० कॉमिक बुक हीरोज' की आईजीएन की सूची पर ७ वां स्थान प्राप्त हुआ था।[4] इसके बाद २०१३ में हाल जॉर्डन को आईजीएन की 'डीसी कॉमिक्स के शीर्ष २५ नायकों' की सूची पर चौथा स्थान भी प्राप्त हुआ था।[5]